सिविल अस्पताल के जीर्णोद्धार में नहीं होगी धन की कोई कमी : संजीव अरोड़ा

34

लुधियाना: सांसद संजीव अरोड़ा (राज्यसभा) ने डिप्टी कमिश्नर जितेन्द्र जोरवाल, एडीसी अमरजीत बैंस, सिविल सर्जन, एसएमओ तथा स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों और संबंधित एजेंसियों के अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल, लुधियाना में चल रहे जीर्णोद्धार और अपग्रेडेशन के कार्य की प्रगति का आकलन करने के लिए मंगलवार को एक बैठक की।

पूरे हो चुके कार्यों में नवीनतम तकनीक के साथ ओटी का निर्माण नया नेत्र रोग विभाग, नई सीवरेज बिछाना, पूर्ण वॉटरप्रूफिंग, पेंटिंग (आंतरिक और बाहरी), पार्किंग क्षेत्रों में पेवर्स बिछाना, प्रतीक्षारत मरीजों के लिए शेड, चूहों पर पूर्ण नियंत्रण, चारदीवारी को मजबूत करना, सभी आंतरिक दीवारों पर टाइल का काम, बाथरूम की मरम्मत, पीने योग्य पेयजल की उपलब्धता, कूड़े के ढेर को हटाना, नए साइनेज और दो लिफ्टों का काम पूरा हो चुका है।

अरोड़ा ने कहा कि कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए यदि आवश्यक हो तो कार्यबल में वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि धन की कोई कमी नहीं होगी। अरोड़ा द्वारा सभी कार्य एमपीलैड फंड और सीएसआर स्कीम के तहत किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर अरोड़ा ने कुछ लंबित कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल किसी निजी अस्पताल से कम नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्वच्छता की स्थिति को हर कीमत पर बनाए रखा जाना चाहिए ।