भाजपा के वरिष्ठ नेता सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल ने आज अत्यंत गर्व और हर्ष के साथ यह घोषणा की कि लुधियाना अब एक ऐतिहासिक परिवर्तन की दहलीज पर खड़ा है, क्योंकि बहुप्रतीक्षित हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उड़ान भरने के लिए लगभग तैयार है। सभी अंतिम कार्य 30 अप्रैल तक पूरे होने की उम्मीद है। यह विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की कड़ी मेहनत का परिणाम है। ग्रेवाल ने कहा कि,यह सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं है, बल्कि यह लुधियाना के लोगों, हमारे प्रगतिशील उद्योगपतियों, समर्पित व्यापारिक वर्ग और आने वाली पीढ़ियों के लिए आशा, प्रगति और समृद्धि का प्रतीक है। यह वह सपना है जो वर्षों से देखा गया और अब मोदी सरकार की अडिग समर्थन से साकार हो रहा है। उन्होंने स्थानीय और केंद्रीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की सराहना की, विशेषकर उपायुक्त हिमांशु जैन की सक्रिय भूमिका की, जो भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ मिलकर शेष 10% कार्य को शीघ्रता से पूरा करने में जुटे हैं। ग्रेवाल ने PWD और अन्य केंद्रीय एजेंसियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की । अस्थायी रूप से हलवारा एयरपोर्ट नाम दिया गया यह हवाई अड्डा अब अपना अनिवार्य क्ठअड कोड प्राप्त कर चुका है और इसका IATA कोड प्रक्रिया में है। ग्रेवाल ने कहा, लुधियाना, जो पंजाब का औद्योगिक हृदय है और 40 लाख से अधिक जनसंख्या का घर है, के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि अधिकार है। यह हवाई अड्डा हमारे व्यापारियों के लिए वैश्विक दरवाजे खोलेगा, युवाओं को रोजगार देगा, निर्यात को बढ़ावा देगा और लुधियाना को दुनिया से सीधे जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि अंतिम चरण के कार्यों में फायर एनओसी, साइनबोर्ड इंस्टॉलेशन, रनवे मार्किंग, परिधि दीवार निर्माण, सुरक्षा प्रणाली और अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं, जो शीघ्र ही पूरे हो जाएंगे। एयर इंडिया ने पहले ही उड़ानें शुरू करने की योजना बना ली है और जैसे ही टर्मिनल AAI को सौंपा जाएगा, वाणिज्यिक एयरलाइनों की बोली प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।













