युवकों को हुल्लड़बाजी करने से रोका तो कर दिया तेजधार हथियारों से हमला, सिर पर लगे 7 टांके

31

कस्बा लाडोवाल से पंजाब केसरी के प्रतिनिधि अनिल कुमार गादड़ा पर एक दर्जन युवकों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला करके गंभीर रूप में जख्मी कर देने का मामला सामने आया है।

थाना प्रभारी गुरशिंदर कौर और थानेदार मेजर सिंह ने बताया कि अनिल गादड़ा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका लाडोवाल चौक में दफ्तर है जहां पर शनिवार की रात को वह समाचार लिख रहा था। इसी दौरान दफ्तर के बाहर एक दर्जन के करीब युवक हुल्लड़बाजी करते हुए जोर-जोर से आवाज लगा रहे थे।

उसने जब बाहर जाकर उनको शोर मचाने से रोका तो उक्त युवक वहां से दूसरी जगह चले गए। बाद में जब वह अपना दफ्तर बंद करके घर जाने लगा तो करीब एक दर्जन युवकों ने उसे रास्ते में घेरकर तेजधार हथियारों से हमला करके मारपीट की।

आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से अनिल कुमार पर वार किए जिसके बाद जब उसने शोर मचाया तो वहां बाजार के लोग इकट्ठे हो गए और हमला करने वाले आरोपी युवक जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप में जख्मी अनिल कुमार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसके सिर पर डॉक्टरों द्वारा गहरी चोट होने के कारण 7 टांके लगाए गए।

जांच अधिकारी मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस के पास शिकायत दर्ज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है जिसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।